उत्तराखंड में जाम से राहत की तैयारी, 11 नए स्थानों पर जल्द शुरू होगी पार्किंग सुविधा

देहरादून। मुख्यमंत्री **पुष्कर सिंह धामी** के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बड़े शहरों, तीर्थ स्थलों और पर्यटन केंद्रों पर बढ़ती यातायात समस्या से निपटने के लिए ठोस कदम उठा रही है। आवास विभाग द्वारा प्रदेश के 11 प्रमुख स्थानों पर जल्द ही नई पार्किंग सुविधाएं शुरू की जाएंगी, जहां 1082 वाहनों को पार्क करने की व्यवस्था होगी।

मुख्यमंत्री ने कार्यभार संभालते ही विकास प्राधिकरणों को निर्देश दिए थे कि शहरी क्षेत्रों और तीर्थाटन स्थलों पर युद्धस्तर पर पार्किंग सुविधाओं का विकास किया जाए। इसके बाद विभिन्न विकास प्राधिकरणों से 195 स्थानों पर पार्किंग निर्माण के प्रस्ताव प्राप्त हुए। इन प्रस्तावों में सरफेस पार्किंग, मल्टी लेवल पार्किंग और टनल पार्किंग जैसे आधुनिक विकल्प शामिल हैं।

आवास विभाग अब तक 114 स्थानों की डीपीआर को मंजूरी दे चुका है और इसके लिए बजट भी जारी किया जा चुका है। प्रथम चरण में 54 स्थानों पर 3244 वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा शुरू की जा चुकी है। दूसरे चरण में 11 अन्य स्थानों पर निर्माण कार्य लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है, जिसे इसी वित्तीय वर्ष में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अतिरिक्त विकास प्राधिकरण अपने संसाधनों से 11 और स्थानों पर पार्किंग का निर्माण कर रहे हैं, जिससे 359 वाहनों की अतिरिक्त क्षमता विकसित होगी।

सचिव आवास डॉ. आर राजेश कुमार ने सभी विकास प्राधिकरणों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आगामी यात्रा सीजन से पहले पार्किंग स्थलों पर शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता सुनिश्चित की जाए। निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के भी निर्देश दिए गए हैं।

उत्तराखंड में हर वर्ष करोड़ों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। निजी वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण जाम की समस्या बढ़ रही थी। नई पार्किंग व्यवस्थाओं से यातायात व्यवस्था को काफी हद तक सुचारू बनाने में मदद मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.