देहरादून। जेईई मेन्स परीक्षा में सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। विद्यालय के 13 छात्रों ने 90 परसेंटाइल से अधिक अंक प्राप्त कर न केवल स्कूल बल्कि पूरे शहर का नाम रोशन किया है।
इस वर्ष आयुष पांडे ने 99.82 परसेंटाइल हासिल कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनके अलावा पृथ्वीश सिंह लुंठी ने 99.79 परसेंटाइल और अथर्व कुमार पांडे ने 99.66 परसेंटाइल प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अन्य सफल छात्रों में दक्ष नेगी (96.89), अंश (96.69), जिज्ञासा मिश्रा (96.43), सोमियल शर्मा (96.23), हिमांशु रावत (93.88), आयुष गौर (93.73), सार्थक नवानी (91.99), अर्चित डिमरी (91.97), दिव्यम कनवाल (91.50) और सिद्धार्थ चौहान (90.54) शामिल हैं।
विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर विपिन बलूनी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता छात्रों की कड़ी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने बताया कि स्कूल में नियमित पढ़ाई के साथ-साथ विशेष अकादमिक सपोर्ट, टेस्ट सीरीज, डाउट सेशन और करियर काउंसलिंग की प्रभावी व्यवस्था की गई थी, जिसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिला।
प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने भी सभी छात्रों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि समर्पण, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यार्थी भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और प्रदेश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है और आगे भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।