जयपुर से लॉन्च हुई ‘एआई भारत विस्तार’ योजना, मोबाइल पर मिलेगी खेती की हर जानकारी

देहरादून। देशभर के किसानों को डिजिटल तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से “एआई भारत विस्तार” योजना का शुभारंभ किया गया। केंद्रीय कृषि मंत्री **शिवराज सिंह चौहान** ने राजस्थान के जयपुर से मुख्यमंत्री **भजन लाल शर्मा** के साथ इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत की। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्री वर्चुअल माध्यम से जुड़े। उत्तराखंड के कृषि मंत्री **गणेश जोशी** ने देहरादून स्थित सर्किट हाउस से कार्यक्रम में सहभागिता की।

इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री **नरेंद्र मोदी** और केंद्रीय कृषि मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना किसानों को आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से किसानों को फसल प्रबंधन, मौसम, सिंचाई, उन्नत बीज, फसल बीमा और मंडी भाव जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी।

मंत्री ने कहा कि इस पहल से किसानों को समय पर सटीक जानकारी मिलेगी, जिससे उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और लागत में कमी आएगी। “एआई भारत विस्तार” के माध्यम से किसान अपने मोबाइल फोन से 155261 नंबर डायल कर विशेषज्ञों से सीधे परामर्श ले सकेंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को घर बैठे मार्गदर्शन और समाधान प्राप्त होगा।

कार्यक्रम में उद्यान विभाग के निदेशक सुंदर लाल सेमवाल, निरंजन डोभाल, महेंद्र पाल, नरेंद्र यादव, रतन कुमार सहित बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे। सरकार का मानना है कि यह योजना कृषि क्षेत्र में डिजिटल क्रांति लाने और किसानों की आय बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.