रुद्रपुर में नाबालिग के लापता होने पर सियासी हलचल, विधायक ने पुलिस से की सख्त कार्रवाई की मांग

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र से 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के लापता होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। परिजनों की शिकायत के बाद स्थानीय विधायक **शिव अरोरा** ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 2, ट्रांजिट कैंप निवासी ब्रजेश कुमार की नाबालिग पुत्री 2 फरवरी को घर से बिना बताए चली गई थी। परिजनों ने उसी दिन ट्रांजिट कैंप थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए एक युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया था। मामले की जानकारी मिलने पर विधायक शिव अरोरा ने पहले दूरभाष पर संबंधित पुलिस अधिकारियों से बात कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

कई दिन बीत जाने के बाद भी जब परिजनों को कोई ठोस जानकारी नहीं मिली, तो विधायक शिव अरोरा पीड़ित परिवार और समर्थकों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने एसपी क्राइम **निहारिका तोमर** से मुलाकात कर बच्ची की सकुशल बरामदगी की मांग की। विधायक ने कहा कि घटना को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित युवक के परिजन पीड़ित परिवार को फोन कर मामले में कार्रवाई न करने का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने पुलिस से ऐसे लोगों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाने की मांग की।

एसपी क्राइम निहारिका तोमर ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आश्वासन दिया कि एक विशेष टीम गठित कर जल्द से जल्द नाबालिग की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा और दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और परिजन बच्ची की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.