After Header-1

तिब्बती मार्केट हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो शूटर गिरफ्तार

देहरादून। राजधानी देहरादून में तिब्बती मार्केट के सामने गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। घटना के महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को अलग-अलग मुठभेड़ों में गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है और उनका उपचार कोरोनेशन अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक, वारदात के तुरंत बाद एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर पूरे जिले में सघन नाकेबंदी और चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया था। आज तड़के रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान एक संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे घेर लिया और मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी।

इसी क्रम में लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र में स्कूटी सवार एक अन्य संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देख वह भागने लगा और एक खंडहर फैक्ट्री में छिपकर फायरिंग करने लगा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे भी दबोच लिया गया। इस दौरान उसके दाहिने पैर में गोली लगी।

दोनों आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने तिब्बती मार्केट हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी अजय सिंह ने अस्पताल जाकर घायल आरोपियों की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस अब हत्या के पीछे की साजिश, मकसद और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले की गहन जांच जारी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.