राजभवन घेराव की तैयारी तेज, रुड़की से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता करेंगे देहरादून कूच

रुड़की। जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर के तत्वावधान में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में राजभवन घेराव कार्यक्रम को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक में कांग्रेस के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से देहरादून कूच का कार्यक्रम तय किया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी कार्यकर्ता प्रातः 8 बजे रामपुर मंडी तिराहे पर एकत्र होंगे। इसके बाद सुबह साढ़े 8 बजे भगवानपुर टोल प्लाजा पर जुटकर राजभवन घेराव कार्यक्रम के लिए देहरादून रवाना होंगे। जिला कांग्रेस द्वारा प्रोटोकॉल पोस्टर जारी किया जाएगा, जिसे सभी वाहनों पर लगाया जाएगा ताकि कार्यक्रम व्यवस्थित और एकजुट तरीके से संपन्न हो सके।

जिला अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट ने अपने संबोधन में राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और आम जनता परेशान है। महिलाओं की सुरक्षा, कानून व्यवस्था, बेरोजगारी और मनरेगा जैसे मुद्दों पर सरकार विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न विभागों—आरईएस, बिजली विभाग, चकबंदी, जल संस्थान और नगर निगम रुड़की—में अनियमितताएं बढ़ी हैं, जिससे जनता खुद को असहाय महसूस कर रही है।

पूर्व राज्य मंत्री राव शेर मोहम्मद ने कहा कि अब समय आ गया है जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ देहरादून पहुंचने का संकल्प दोहराया। जिला हरिद्वार बूथ कमेटी प्रभारी डॉ. सुरेंद्र मनिनवाल प्रजापति ने भी अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी का आह्वान किया।

प्रदेश महामंत्री सचिन गुप्ता ने सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वे सैकड़ों समर्थकों के साथ राजभवन घेराव में शामिल होंगे। युवा नेता प्रणय प्रताप सिंह ने भी जोरदार उपस्थिति का भरोसा दिलाया।

बैठक में कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वर्ष 2027 में सत्ता परिवर्तन के लिए जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा और भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.