किच्छा में ओवरलोड वाहनों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 23 चालान और 2 वाहन सीज

किच्छा।जिले में ओवरलोड और ओवरहाइट वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर तहसील किच्छा क्षेत्र के नगला, शांतिपुरी और जवाहरनगर समेत विभिन्न इलाकों में संयुक्त चेकिंग अभियान संचालित किया गया।

यह अभियान उपजिलाधिकारी गौरव पांडे के नेतृत्व में राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, परिवहन विभाग और एनएचएआई की टीमों द्वारा संयुक्त रूप से चलाया गया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की गहन जांच की गई। चेकिंग के दौरान कुल 23 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितता पाए जाने पर 2 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।

प्रशासन का कहना है कि ओवरलोड और ओवरहाइट वाहन सड़क सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बनते जा रहे हैं। इससे न केवल दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है, बल्कि सड़कों और पुलों को भी नुकसान पहुंचता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया।

इसके अलावा उपजिलाधिकारी गौरव पांडे ने विद्यालयों की छुट्टी के समय क्षेत्र का औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि स्कूल समय में भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहे, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों की टीमें भी उनके साथ मौजूद रहीं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ओवरलोडिंग के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कठोर कदम उठाए जाएंगे। अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा में सहयोग दें।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.