कैंचीधाम बायपास को लेकर मंत्री सतपाल महाराज सख्त, 15 जून तक हर हाल में पूरा करने का अल्टीमेटम

भीमताल। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने जनपद नैनीताल में चल रहे विकास कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए कैंचीधाम बायपास निर्माण को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि कैंचीधाम बायपास का निर्माण हर हाल में 15 जून, 2026 तक पूरा किया जाए। मंत्री ने कहा कि यह मार्ग श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि यदि 75 मीटर स्पान वाले मुख्य पुल के निर्माण में किसी कारणवश देरी होती है, तो अस्थायी वैलीब्रिज का निर्माण कर यातायात शुरू किया जाए, ताकि कैंचीधाम आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता के साथ समयसीमा का भी पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।

इससे पूर्व विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में मंत्री ने लोक निर्माण विभाग की कुल 1258.12 लाख रुपये की पांच विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 945.99 लाख रुपये की चार नई योजनाओं का शिलान्यास तथा 312.13 लाख रुपये की एक योजना का लोकार्पण शामिल रहा। मंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से जिले की आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने सिंचाई विभाग को भीमताल और नौकुचियाताल क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने, भू-कटाव रोकने तथा झीलों व नदियों की गाद निकासी के लिए आधुनिक मशीनरी खरीदने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि झीलों का संरक्षण नैनीताल की पहचान और पर्यटन के लिए अत्यंत आवश्यक है।

पंचायती राज विभाग को गांव से लेकर मुख्यालय तक कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण की ठोस व्यवस्था करने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर विधायक सरिता आर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.