“जन-जन के द्वार पहुँची सरकार: रायपुर में प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल ने बांटे ऋण, सुनीं 80 जनसमस्याएं”

देहरादून।‘‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’’ अभियान के तहत गुरुवार को विकासखंड रायपुर की न्याय पंचायत द्वारा स्थित जन मिलन केंद्र में एक भव्य बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम् एवं जिलाधिकारी सविन बंसल ने क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही कई शिकायतों का निस्तारण कराया। इस शिविर के माध्यम से 587 लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया।

शिविर से पूर्व प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम् ने ग्राम द्वारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र और राजकीय प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं बुनियादी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षा और पोषण से जुड़ी योजनाओं का लाभ बच्चों तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे।

बहुउद्देशीय शिविर में कृषि विभाग द्वारा 80 प्रतिशत अनुदान पर मां खेड़ा सूरी कृषि स्वयं सहायता समूह, ग्राम काण्डा से जुड़े 11 किसानों को 02 पावर वीडर, 03 चाफ कटर एवं 03 आटा चक्की वितरित की गईं। इससे किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध कराकर उनकी आय बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया।

साधन सहकारी समिति सरोना द्वारा जय माता महालक्ष्मी स्वयं सहायता समूह को 05 लाख रुपये का ऋण प्रदान किया गया। इसके साथ ही कृषक जयराम सिंह, बलदेव सिंह, वीरेन्द्र सिंह एवं दर्शन सिंह को 1-1 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा 05 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट तथा 10 बालिकाओं को किशोरी किट वितरित की गईं। यह पहल महिलाओं और किशोरियों के पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वावलंबन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रधानमंत्री दिव्यांशा केंद्र देहरादून के सहयोग से एडिप एवं राष्ट्रीय व्योश्री योजना के अंतर्गत 72 वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों को 04 व्हीलचेयर सहित कुल 205 सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए गए। इससे जरूरतमंद लोगों को दैनिक जीवन में बड़ी राहत मिली।

शिविर को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के पहुंचे। उन्होंने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन स्वयं ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है।

प्रभारी मंत्री ने बताया कि अधिकतर समस्याएं ग्राम और तहसील स्तर की होती हैं, जो जानकारी के अभाव में लंबित रह जाती हैं। उन्होंने ग्राम प्रधानों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। उन्होंने विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण (वीबी-जी रामजी) के तहत ग्रामों में आधारभूत ढांचे के विकास पर भी जोर दिया।

रायपुर विधायक उमेश शर्मा (काऊ) ने मुख्यमंत्री और प्रभारी मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन शिविरों से क्षेत्रीय जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि शिविरों में प्राप्त शिकायतों का जिला प्रशासन द्वारा प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है।

शिविर के दौरान कुल 80 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 35 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मालदेवता से द्वारा मोटर मार्ग पर नशा करने और महिलाओं से अभद्र व्यवहार की शिकायत पर पुलिस को विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

ग्राम प्रधानों द्वारा पुलिया निर्माण, पेयजल टैंक मरम्मत, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण, सड़कों के सुधारीकरण और जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए घेरवाड़ निर्माण की मांग रखी गई, जिस पर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा एलोपैथिक में 152, होम्योपैथिक में 117 और आयुर्वेदिक में 76 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। इसके अलावा 11 आयुष्मान कार्ड, 18 आधार कार्ड अपडेट किए गए तथा एक दिव्यांग प्रमाण पत्र भी जारी किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.