फिल्म, भोजन और अपनत्व: जिलाधिकारी की संवेदनशील सोच ने छुआ दिल

देहरादून।मानवीय संवेदनाओं, करुणा और पुनर्वास की भावना को साकार करते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में नारी निकेतन, देहरादून की संवासिनियों के लिए एक विशेष पिकनिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह पहल राजकीय महिला कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र में निवासरत महिलाओं के मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय कदम मानी जा रही है।

कार्यक्रम के अंतर्गत नारी निकेतन की संवासिनियों को क्रॉस रोड मॉल ले जाया गया, जहां उन्होंने बहुप्रतीक्षित फिल्म **“बॉर्डर–2”** का आनंद लिया। लंबे समय बाद सामान्य सामाजिक वातावरण में फिल्म देखने का अवसर मिलने से संवासिनियों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। इसके पश्चात उनके लिए स्थानीय होटल में स्नेहपूर्ण और सम्मानजनक वातावरण में भोजन की व्यवस्था की गई।

पूरे आयोजन के दौरान संवासिनियों के चेहरों पर मुस्कान, आत्मविश्वास और अपनत्व का भाव स्पष्ट रूप से झलकता रहा। यह कार्यक्रम उनके लिए केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि समाज से जुड़ाव और आत्मसम्मान की अनुभूति का अवसर भी बना।

इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी श्रीमती मीना बिष्ट, नारी निकेतन की अधीक्षिका श्रीमती सोनल राणा सहित केंद्र का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने आयोजन को सुरक्षित, व्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाई।

जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में नारी निकेतन की संवासिनियों के पुनर्वास को लेकर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं को केवल संरक्षण प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उन्हें मानसिक मजबूती, सामाजिक आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच से जोड़ना भी है।

जिलाधिकारी का मानना है कि यदि संरक्षण गृहों में रह रही महिलाओं को सम्मान, स्नेह और सामान्य सामाजिक अनुभव प्रदान किए जाएं, तो उनका पुनर्वास अधिक प्रभावी और स्थायी बन सकता है। जिला प्रशासन इसी संवेदनशील दृष्टिकोण के साथ भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायी और मानवीय प्रयास करता रहेगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.