हल्द्वानी।बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की वर्षों पुरानी मांग को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर निर्णायक दिशा देने का आश्वासन दिया है। वन अधिकार अधिनियम 2006 के तहत राजस्व गांव घोषित करने को लेकर चल रहे आंदोलन को उस समय नई उम्मीद मिली, जब भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिष्टमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए बिंदुखत्ता को राजस्व गांव घोषित करने का आश्वासन दिया और इस संबंध में जिलाधिकारी नैनीताल को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री के इस रुख को बिंदुखत्तावासियों के लिए बड़ी राहत और सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी ने कहा कि राज्य सरकार बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने वन अधिकार अधिनियम के तहत इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का स्पष्ट निर्देश दिया है और अब जल्द ही इसकी अधिसूचना जारी होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित यह मामला अब अपने अंतिम चरण में पहुंचता दिख रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी मुख्यमंत्री स्तर पर बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की घोषणा की जा चुकी है, लेकिन वन अधिकार कानून के तहत जिम्मेदार एजेंसी स्पष्ट न होने के कारण मामला आगे नहीं बढ़ सका। इस बार नैनीताल जिला स्तरीय वन अधिकार समिति की 20 सितंबर 2024 की अनुशंसा के आधार पर प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
वन अधिकार समिति के सदस्यों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी तथ्यों को गंभीरता से सुना और शीघ्र समाधान का भरोसा दिया है। यदि अधिसूचना जारी होती है तो इससे बिंदुखत्ता क्षेत्र के हजारों परिवारों को भूमि अधिकार, सरकारी योजनाओं का लाभ और विकास कार्यों में तेजी मिलेगी।
इस शिष्टमंडल में वन अधिकार समिति के अध्यक्ष अर्जुन नाथ गोस्वामी, सचिव भुवन भट्ट, मंडल अध्यक्ष नवीन पपोला, पूर्व मंडल अध्यक्ष भरत नेगी, पूर्व सैनिक कैप्टन चंचल सिंह कोरंगा सहित विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक प्रतिनिधि शामिल रहे।

