
देहरादून।
पवेलियन ग्राउंड में आयोजित तृतीय *द ग्रेट स्वामी विवेकानंद मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट* में मंगलवार को खेले गए दोनों मुकाबले रोमांच से भरपूर रहे। दर्शकों को कड़े संघर्ष और शानदार खेल देखने को मिला, जहां दून वैली और सिटी यंग्स ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह पक्की की।
दिन के पहले मुकाबले में दून वैली और दून स्टार आमने-सामने थे। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। खेल के 29वें मिनट में दून स्टार के फॉरवर्ड अमृत ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद दून वैली ने दबाव बढ़ाया और 44वें मिनट में फॉरवर्ड अनुराग ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
मध्यांतर के बाद मुकाबला और भी तेज हो गया। दोनों टीमों ने कई मौके बनाए, लेकिन गोल करने में दून वैली सफल रही। खेल के 70वें मिनट में अल जैली ने निर्णायक गोल दागते हुए दून वैली को 2-1 से जीत दिला दी। शानदार प्रदर्शन के लिए दून वैली के अनुराग को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

दिन का दूसरा मुकाबला सिटी यंग्स और एडोर्न गढ़वाल स्पोर्टिंग के बीच खेला गया, जो अंत तक बेहद रोमांचक रहा। 26वें मिनट में एडोर्न गढ़वाल के अमन ने गोल कर बढ़त दिलाई, लेकिन 32वें मिनट में सिटी यंग्स के गौरव ने बराबरी कर ली। 37वें मिनट में अमन ने एक और गोल कर एडोर्न गढ़वाल को 2-1 से आगे कर दिया।
मध्यांतर के बाद सिटी यंग्स ने जबरदस्त वापसी की। 62वें मिनट में प्रदीप ने गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया। निर्धारित समय तक कोई निर्णय नहीं हो सका और मैच टाईब्रेकर में पहुंचा। टाईब्रेकर में सिटी यंग्स ने 4-1 से जीत दर्ज की। प्रदीप को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
बुधवार को टूर्नामेंट में दून चैलेंजर्स बनाम 13 गढ़वाल राइफल्स और ड्रैगन एफसी बनाम 6 बिहार रेजिमेंट के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
