देहरादून।
कोटद्वार में हाल ही में सामने आए विवाद को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी **मनवीर सिंह चौहान** ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस पूरे प्रकरण में कांग्रेस की मंशा में खोट साफ दिखाई देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक ओर स्वयं को सेक्युलर दिखाने की कोशिश कर रही है, वहीं दूसरी ओर भाजपा पर ध्रुवीकरण का निराधार आरोप लगा रही है।
कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए चौहान ने कहा कि जिस तरह से यह घटना अचानक सामने आई, वह कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने दावा किया कि यह एक छोटा मामला था, जिसे पहले ही सुलझा लिया गया था, लेकिन बाद में इसे सुनियोजित तरीके से दोबारा उछाला गया। चौहान ने कहा कि घटना स्थल पर कांग्रेस संगठन से जुड़े युवक का अचानक पहुंचना और स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विवाद को शांत करने के बजाय उसे और तूल देना, पूरी पटकथा की ओर इशारा करता है।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कांग्रेस नेतृत्व पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी द्वारा विवाद में आरोपी युवक को ‘हीरो’ के रूप में प्रस्तुत करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जारी हुए वीडियो में उक्त युवक आक्रामक मुद्रा में दिखाई दे रहा है, बावजूद इसके कांग्रेस उसकी आक्रामकता का समर्थन करती नजर आ रही है। चौहान ने आरोप लगाया कि यह रवैया प्रदेश में कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति को उजागर करता है।
चौहान ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री पहले ही कानून-व्यवस्था को लेकर स्थिति साफ कर चुके हैं कि किसी भी कीमत पर कानून से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पौड़ी पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है। किसी को भी माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
राजधानी क्षेत्र में हाल ही में हुई आपराधिक घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए चौहान ने कहा कि ये घटनाएं दुखद हैं, लेकिन सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा गया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर संबंधित एजेंसियों की पैनी नजर है और जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।