कपड़ों से खिलौनों तक—एनएपीएसआर के चैरिटी बाजार ने बदली सैकड़ों चेहरों की मुस्कान

देहरादून।
सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश करते हुए नेशनल एसोसिएशन फॉर पेरेंट्स एंड स्टूडेंट्स राइट्स (एनएपीएसआर) द्वारा रायपुर क्षेत्र के मालदेवता स्थित झुग्गियों में रहने वाले लगभग सौ जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर एनएपीएसआर चैरिटी बाजार के माध्यम से एक निःशुल्क मार्किट लगाई गई, जिसमें बच्चों और बड़ों दोनों के लिए आवश्यक उपयोगी सामान उपलब्ध कराया गया।

चैरिटी बाजार में सर्दी और गर्मी के कपड़ों के साथ-साथ जूते, चादरें, बच्चों के खिलौने और अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुएं वितरित की गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक तरीके से उनकी आवश्यकताओं की पूर्ति करना रहा, ताकि वे अपनी जरूरत के अनुसार स्वयं सामान का चयन कर सकें।

संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरिफ खान ने बताया कि एनएपीएसआर बुक बैंक और चैरिटी अभियान के अंतर्गत देहरादून के नागरिक नियमित रूप से कपड़े, जूते, घरेलू सामग्री के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक और इलेक्ट्रिक सामान भी दान करते हैं। इन दान की गई वस्तुओं को संस्था द्वारा समय-समय पर आयोजित एनएपीएसआर चैरिटी बाजार के माध्यम से जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाता है। उन्होंने इस मानवीय सहयोग के लिए दूनवासियों का आभार व्यक्त किया।

राहत सामग्री वितरण में एनएपीएसआर लाइब्रेरी से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा स्वयंसेवकों की भी अहम भूमिका रही। इनमें राकेश जोशी, आस्था नेगी, ईशिता राणा, अनुष्का आर्या, महेंद्र सिंह, ओएफडी स्कूल से नितिन यादव तथा दिल्ली से आए अमर सिंह शामिल रहे। स्वयंसेवकों ने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराया।

संस्था ने यह भी स्पष्ट किया कि एनएपीएसआर भविष्य में भी शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में इसी तरह के निःशुल्क चैरिटी बाजारों का आयोजन करती रहेगी, ताकि समाज के वंचित वर्गों को निरंतर सहयोग मिल सके। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.