सुबह 5 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसा, समायपुरम यात्रा में मातम

पेरंबलूर,
तमिलनाडु में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने धार्मिक आस्था को मातम में बदल दिया। कडलूर जिले के तिट्टाकुडी क्षेत्र के पास पदयात्रा कर रहे श्रद्धालुओं की भीड़ में एक बेकाबू कार घुस गई, जिससे चार महिला श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, कडलूर जिले के एक गांव से 65 से अधिक श्रद्धालु परंपरागत रूप से समायपुरम मंदिर की पदयात्रा पर निकले थे। ये श्रद्धालु सलेम जिले के गेंगावल्ली क्षेत्र से पदयात्रा करते हुए समायपुरम मंदिर की ओर बढ़ रहे थे। शनिवार तड़के करीब 5 बजे जब श्रद्धालु पेरंबलूर जिले के सिरुवाचूर के पास त्रिची–चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग पर पैदल यात्रा कर रहे थे, तभी चेन्नई से त्रिची की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसी।

इस भीषण हादसे में कडलूर जिले के पेननदम के पास स्थित तोझरकुडिकाडु गांव की रहने वाली मलर्क्कोडी, विजयलक्ष्मी और ससिकला, जबकि सलेम जिले के गेंगावल्ली की निवासी चित्रा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तोझरकुडिकाडु गांव की ज्योतिलक्ष्मी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तुरंत पेरंबलूर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटना करने वाले कार चालक की पहचान चेन्नई के त्रिसूलम स्थित ईश्वरन कोयिल स्ट्रीट निवासी गौतम के रूप में की है। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

इस दर्दनाक घटना से मृतक महिलाओं के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.