रुड़की।
संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की आगामी जयंती को गरिमामय एवं सामाजिक समरसता के संदेश के साथ मनाने को लेकर भाजपा जिला कार्यालय में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जयंती कार्यक्रम की रूपरेखा, सामाजिक सहभागिता और एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास का जीवन और उनके विचार समाज में समानता, भाईचारे और मानवता की भावना को मजबूत करने का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने जाति-भेद और सामाजिक असमानता के विरुद्ध आवाज उठाई और समरस समाज का सपना दिखाया।
अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि गुरु रविदास जयंती केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह सामाजिक चेतना को जागृत करने और समाज के हर वर्ग को एक सूत्र में बांधने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जयंती कार्यक्रम को पूरी श्रद्धा, सम्मान और सामाजिक सहभागिता के साथ मनाया जाए, ताकि संत रविदास के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके।
बैठक में मौजूद नेताओं ने कहा कि भाजपा हमेशा से सामाजिक समरसता और सर्व समाज के उत्थान की विचारधारा पर कार्य करती रही है। गुरु रविदास के संदेश आज भी प्रासंगिक हैं और उनके विचार समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री देशराज कर्नवाल ने कहा कि संत रविदास का जीवन सामाजिक कुरीतियों को दूर करने की प्रेरणा देता है। अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश मंत्री संजीव कुमार ने कहा कि गुरु रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
बैठक में जिला अध्यक्ष नीतू मंडावर, प्रदेश प्रवक्ता मोहित राष्ट्रवादी, प्रदेश उपाध्यक्ष मास्टर सत्यपाल सिंह, जानी केसरिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर जयंती कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।