After Header-1

26 जनवरी को देहरादून में दिखेगा भव्य नजारा, जानिए प्रवेश से लेकर कार्यक्रम का पूरा शेड्यूल

देहरादून।
राष्ट्रीय पर्व **गणतंत्र दिवस** को भव्य, गरिमामय और सुव्यवस्थित ढंग से मनाने के लिए राजधानी देहरादून में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार को **जिलाधिकारी सविन बंसल** और **वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह** ने परेड ग्राउंड स्थित कार्यक्रम स्थल का संयुक्त रूप से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य मंच सहित सभी ब्लॉकों में माननीय अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, विधायकों, दायित्वधारियों एवं गणमान्य नागरिकों के सुगम प्रवेश और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने **स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों एवं उनके परिजनों** के लिए विशेष और सम्मानजनक स्थान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम के सुचारू संचालन को लेकर जिलाधिकारी ने **एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लाइव प्रसारण**, बेहतर साउंड सिस्टम, एंकर व्यवस्था और निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए जनरेटर बैकअप की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रवेश द्वार और मुख्य मंच की साज-सज्जा को आकर्षक एवं गरिमामय बनाए रखने को कहा गया।

डीएम ने विकासपरक विभागीय झांकियों के सुचारू मूवमेंट, प्रत्येक ब्लॉक में पर्याप्त सीटिंग व्यवस्था, पेयजल और स्वच्छता सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। सभी नोडल अधिकारियों को अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर समय से तैनात रहने को कहा गया।

परेड ग्राउंड में प्रवेश के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। **गेट संख्या-1** से मुख्य मंच, गंगा और अलकनंदा ब्लॉक, **गेट संख्या-2** से भागीरथी ब्लॉक, **गेट संख्या-3** से परेड दल एवं झांकियां तथा **गेट संख्या-4** से आसन, टौंस और यमुना ब्लॉक के लिए प्रवेश सुनिश्चित किया गया है।

गणतंत्र दिवस समारोह का शुभारंभ **प्रातः 10 बजे** होगा। 10 बजे परेड दलों की प्रतिबद्धता, 10:20 बजे मुख्यमंत्री और 10:28 बजे राज्यपाल का आगमन होगा। **ठीक 10:30 बजे ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान** के बाद मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकियों का प्रदर्शन और **11:25 बजे पुलिस मेडल वितरण** किया जाएगा। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.