रुड़की में पत्रकारिता पर संदेश के साथ मनाया गया प्रेस क्लब अध्यक्ष का जन्मदिन

रुड़की। प्रेस क्लब महानगर रुड़की (पंजीकृत) के नवनियुक्त अध्यक्ष प्रिंस शर्मा का जन्मदिन गणेशपुर स्थित वरिष्ठ समाजसेवी एवं उत्तराखंड किसान कामगार मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुभाष नंबरदार के निवास पर सादगी और आत्मीय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर चौधरी सुभाष नंबरदार ने केक खिलाकर और फूलमाला पहनाकर प्रिंस शर्मा का स्वागत किया तथा उनके दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

वरिष्ठ समाजसेवी चौधरी सुभाष नंबरदार ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज को सही दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों को निर्भीक और मुखर होकर सच लिखने की आवश्यकता है, ताकि आमजन तक वास्तविक घटनाएं और सच्चाई पहुँच सके। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रिंस शर्मा अपने दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करेंगे।

इस अवसर पर उपस्थित संदीप चौधरी, संदीप कश्यप और इमरान देशभक्त सहित अन्य लोगों ने भी अध्यक्ष प्रिंस शर्मा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने उनके नेतृत्व में प्रेस क्लब महानगर रुड़की के सशक्त और सक्रिय भूमिका निभाने की उम्मीद जताई।

कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें पत्रकारिता, सामाजिक सरोकार और निष्पक्ष लेखन पर भी सार्थक चर्चा हुई।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.