रुड़की। नगर निगम रुड़की की मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने औद्योगिक क्षेत्र के विकास को नई दिशा देते हुए वार्ड संख्या 24 सलेमपुर, राजपूताना स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में इंटरलॉकिंग टाइल्स से बनी नई सड़क का लोकार्पण किया। लगभग आठ लाख रुपये की लागत से निर्मित यह सड़क रेकॉर फैक्ट्री के सामने जेएमएम से शुरू होकर ग्लोबल फैक्ट्री तक बनाई गई है। सड़क की लंबाई सौ मीटर से अधिक है, जिससे क्षेत्र के उद्यमियों और यहां कार्यरत श्रमिकों को लंबे समय से चली आ रही परेशानी से राहत मिलेगी।
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर अनीता अग्रवाल ने कहा कि रुड़की का औद्योगिक क्षेत्र शहर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इसके विकास में नगर निगम किसी भी तरह की कमी नहीं आने देगा। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के साथ-साथ स्ट्रीट लाइट, जलभराव और अन्य बुनियादी समस्याओं के समाधान को भी प्राथमिकता दी जा रही है। मेयर ने भरोसा दिलाया कि नगर निगम ने जो वादे किए थे, उन्हें धरातल पर उतारने का काम लगातार किया जा रहा है।
मेयर ने यह भी कहा कि केवल वार्ड 24 ही नहीं, बल्कि रुड़की के सभी वार्डों की समस्याओं को समय-समय पर संज्ञान में लेकर उनका समाधान किया जा रहा है, ताकि शहर का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में माटी कला बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ रुड़की स्मॉल स्केल इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के कार्यवाहक अध्यक्ष केतन भारद्वाज, भाजपा नेता एवं मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल तथा क्षेत्रीय पार्षद पति सोनू कश्यप भी मंच पर उपस्थित रहे।
सड़क निर्माण की गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य को लेकर स्थानीय उद्यमियों और क्षेत्रवासियों ने मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल का आभार जताया। इस अवसर पर सड़क निर्माण कार्य की निगरानी करने वाली तकनीकी टीम में मुख्य नगर आयुक्त राकेश चंद्र तिवारी, अधिशासी अभियंता विपुल सैनी, सहायक अभियंता अभय सिंह और अवर अभियंता श्वेता बेनी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में रुड़की स्मॉल स्केल इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष बीबी गुप्ता, उपाध्यक्ष राकेश मित्तल, सचिव अजय गर्ग, संयुक्त सचिव राजकुमार शर्मा और कोषाध्यक्ष एक्यू अंसारी सहित बड़ी संख्या में औद्योगिक क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल हुए।