एमडीडीए की समीक्षा बैठक में आवास सचिव ने दिए समयबद्ध और पारदर्शी निर्माण के सख्त निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रदेश में आवास और शहरी विकास योजनाओं को गति देने के उद्देश्य से आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की पहली समीक्षा बैठक ली। सचिवालय में आयोजित इस बैठक में उन्होंने प्राधिकरण की सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं, योजनाओं और विकास कार्यों की गहन समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सचिव ने सभी चल रही परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की, जिनमें पार्किंग निर्माण, पार्कों का विकास, आवासीय योजनाएं, बाजार पुनर्विकास और अन्य शहरी विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं और निर्माण गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो।

डॉ. राजेश कुमार ने मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के भी निर्देश दिए, ताकि आम नागरिक और निवेशक अनावश्यक परेशानियों का सामना न करें। उन्होंने कहा कि तेज और सुगम प्रक्रिया शहरी विकास को बढ़ावा देने के साथ अवैध निर्माण पर अंकुश लगाने में भी मदद करेगी।

आवास सचिव ने यह भी कहा कि वे स्वयं सभी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे, जिससे कार्यों की वास्तविक स्थिति का सही आकलन किया जा सके और समय रहते समाधान किया जा सके। बैठक में ऋषिकेश, देहरादून, आढ़त बाजार और इंदिरा मार्केट से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

साथ ही, सचिव ने पार्कों में गंदगी फैलाने वालों और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर कड़ी पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने मास्टर प्लान और लैंड पूलिंग नीति पर विशेष कार्ययोजना बनाने तथा सभी विकास प्राधिकरणों के साथ समन्वय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में प्राधिकरण सचिव मोहन सिंह बर्निया, वित्त नियंत्रक संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, सहायक अभियंता अजय मलिक, सहायक अभियंता सुनील गुप्ता, लेखपाल नजीर अहमद और वास्तुविद दृष्टि जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.