देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) की **तीरंदाजी एकादमी** के होनहार छात्र **अनीश कप्रवान** ने विद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन किया है। अनीश का चयन **58 जीटीसी आर्मी रेजिमेंट** में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में खुशी और गर्व का माहौल है।
बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक **विपिन बलूनी** ने अनीश को सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सेना में अनीश को आगे बढ़ने के बेहतरीन अवसर मिलेंगे और उन्हें पूरा विश्वास है कि वह तीरंदाजी के माध्यम से भविष्य में देश का नाम रोशन करेगा।
एसबीपीएस आर्चरी एकादमी की कोच **प्रतिभा धामी** और आर्चरी कोच **कुलदीप बिष्ट** ने बताया कि अनीश पिछले डेढ़ वर्ष से एकादमी में नियमित प्रशिक्षण ले रहा था। कठिन परिश्रम और अनुशासन के बल पर उसने सितंबर माह में **शिलांग में आयोजित आर्मी स्पोर्ट्स कोटा ट्रायल** में शानदार प्रदर्शन किया, जिसके बाद उसका चयन सेना के लिए किया गया।
अनीश की सफलता न केवल अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी उज्ज्वल भविष्य बनाया जा सकता है। उसकी यह उपलब्धि साबित करती है कि लगन, निरंतर अभ्यास और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।