प्रधानमंत्री मोदी ने सोमनाथ महादेव से मांगा आशीर्वाद, क्या लिखा एक्स पर?

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व की शुरुआत के अवसर पर भगवान श्री सोमनाथ महादेव से देशवासियों के कल्याण की कामना की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक भावपूर्ण संदेश साझा करते हुए भगवान सोमनाथ का आशीर्वाद मांगा और एक प्राचीन संस्कृत श्लोक भी पोस्ट किया।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में लिखा, “श्री सोमनाथ महादेव की कृपा और आशीर्वाद से सबका कल्याण हो।” इसके साथ ही उन्होंने द्वादश ज्योतिर्लिंग स्तोत्र का प्रसिद्ध श्लोक साझा किया, जो सोमनाथ ज्योतिर्लिंग की महिमा का वर्णन करता है। यह श्लोक सौराष्ट्र प्रदेश में स्थित उस दिव्य ज्योतिर्लिंग का स्मरण कराता है, जहां भगवान शिव भक्तों को भक्ति और कृपा प्रदान करने के लिए विराजमान हैं।

श्लोक के भावार्थ के अनुसार, अत्यंत रमणीय और पवित्र सौराष्ट्र भूमि में स्थित वह ज्योतिर्मय स्वरूप, जिनके मस्तक पर चंद्रमा शोभायमान है, भक्तों के कल्याण हेतु अवतरित हुए हैं। प्रधानमंत्री ने इसी भाव के साथ श्री सोमनाथ महादेव की शरण में जाने की भावना व्यक्त की।

उल्लेखनीय है कि सोमनाथ ज्योतिर्लिंग को द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रथम स्थान प्राप्त है और इसका विशेष धार्मिक व ऐतिहासिक महत्व है। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारतीय सांस्कृतिक चेतना, आस्था और आत्मगौरव का प्रतीक माना जाता है। प्रधानमंत्री का यह संदेश न केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा है, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत और सनातन परंपरा के प्रति सम्मान को भी दर्शाता है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.