नेताजी सुभाष चौक पर 30 लाख लागत से नेताजी की 11 फिट अश्वरोही मूर्ति लगाने की तैयारी शुरू

चौक को चमकाने के लिए महापौर ने किया स्थलीय निरीक्षण

रुद्रपुर । काशीपुर बाईपास रोड पर नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के नाम से बनाये गये चौक का जल्द ही कायाकल्प होने जा रहा है। 30 लाख की लागत से इस चौक का सौंदर्यीकरण किया जायेगा। चौक को थोड़ा आगे शिफ््रट करने के साथ ही यहां पर नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की छोटी प्रतिमा को हटाकर घोड़े पर सवार 11 फिट उंची भव्य मूर्ति स्थापित की जायेगी। चौक के नव निर्माण के लिए महापौर विकास शर्मा ने नगर आयुक्त और नगर निगम की टीम के साथ स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये। महापौर ने कहा कि विकास की इस योजना में केवल सौंदर्यीकरण ही शामिल नहीं है, बल्कि यातायात सुरक्षा और भविष्य की जरूरतों को भी प्राथमिकता दी गई है। महापौर ने कहा चूंकि निकट भविष्य में काशीपुर बाईपास मार्ग का चौड़ीकरण प्रस्तावित है, इसलिए इस चौक का निर्माण वैज्ञानिक और तकनीकी दृष्टिकोण से किया जा रहा है। तीस लाख की लागत से होने वाले इस नवनिर्माण में चौक के चारों ओर आधुनिक लाइटिंग और लैंडस्केपिंग का कार्य भी किया जाएगा। महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल मार्गदर्शन में रुद्रपुर शहर विकास के नए सोपान तय कर रहा है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि महज दस माह के छोटे से कार्यकाल में नगर निगम ने भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी व्यवस्था के साथ विकास के कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.