भारत-पाक बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई, पंजाब पुलिस और BSF ने तोड़ा ड्रग्स नेटवर्क

पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ मिलकर भारत-पाकिस्तान सीमा क्षेत्र में भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की है। संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने लगभग 19.980 किलोग्राम हेरोइन जब्त की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 100 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में चार नशा सौदागरों को गिरफ्तार किया गया है।

पंजाब पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर इस बड़ी कामयाबी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार आरोपियों के संबंध पाकिस्तान स्थित तस्करों से जुड़े होने के संकेत मिले हैं।

डीजीपी के अनुसार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां सीमा पार से होने वाली नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हेरोइन की सप्लाई किन मार्गों से हो रही थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पंजाब पुलिस ने साफ किया है कि राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए ऐसे संगठित अपराधों के खिलाफ कार्रवाई और तेज की जाएगी तथा सीमा पार से संचालित ड्रग्स नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.