उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास स्थित दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) के एक आवासीय फ्लैट में आग लगने से पति-पत्नी और उनकी 10 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे की पुष्टि दिल्ली अग्निशमन सेवा ने की है।
दमकल विभाग के अनुसार, रात करीब 2:39 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल छह दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। आग डीएमआरसी परिसर के पांचवीं मंजिल स्थित फ्लैट में लगी थी। जब दमकलकर्मी फ्लैट के अंदर पहुंचे तो वहां तीन लोगों के जले हुए शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान अजय (42), उनकी पत्नी नीलम (38) और बेटी जान्हवी (10) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आग की शुरुआत कमरे में रखे घरेलू सामान से हुई, जिसने तेजी से विकराल रूप ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि कमरे में मौजूद तीनों लोग बाहर निकलने का मौका नहीं पा सके। दमकल विभाग ने सुबह करीब 6:40 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
आग बुझाने के दौरान दमकलकर्मी राकेश के हाथ में चोट आई, जिन्हें इलाज के लिए जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।