उत्तरकाशी। उत्तरकाशी में यूकेडी, कांग्रेस सहित स्थानीय युवाओं ने अंकिता हत्याकांड प्रकरण और स्थानीय मुद्दों को लेकर सरकार की शव यात्रा निकाली। शव यात्रा के दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आंदोलनकारियों ने सरकार से अंकिता को न्याय दिलाने की मांग उठाई। साथ ही में कूड़ा निस्तारण की समस्या का समाधान की भी मांग रखी।
सोमवार को बड़ी संख्या में यूकेडी और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं समेत स्थानीय सामाजिक सेवा से जुड़े युवा हनुमान चौक पर एकत्रित हुए। यहां सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने सरकार की शव यात्रा निकाली। शव यात्रा शहर के बस अड्डा और मुख्य बाजार से होते हुए केदारघाट तक निकाली गई, जहां शव का दहन कर कार्यकर्ताओं ने सरकार पर अंकिता हत्याकांड मामले में दोषियों को बचाने का आरोप लगाया। यूकेडी नेता विष्णुपाल रावत ने कहा कि सरकार हत्याकांड में सामने आ रहे वीआईपी के नाम को लेकर सीबीआई जांच करे और दोषियों को कड़ी सजा दिलाए।
साथ ही धराली आपदा प्रभावितों को राहत एवं पुनर्वास की मांग भी रखी। वक्ताओं ने कहा कि आज धराली के आपदा प्रभावित दर-दर भटकने को मजबूर हैं। यहां कोई सुरक्षात्मक कार्य धरातल पर नहीं हुए हैं। आपदा में मारे गए लोगों का आज तक कोई पता नहीं है।
इसके साथ ही शहर के तांबाखाणी में कूड़ा डंपिंग जोन को अन्यर्त् शिफ्ट करने की मांग रखी। कहा कि धरने के 18 दिन बाद भी नगरपालिका आंदोलनकारियों की सुध नहीं ले रही। हालांकि मौके पर नगरपालिका की ईओ आंदोलनकारियों को मनाने पहुंची थी, लेकिन बात नहीं बनी। शव यात्रा निकालने वालों में यूकेडी नेता विष्णुपाल रावत, युवा सामाजिक कार्यकर्ता गोपीनाथ रावत, सागर भंडारी, अजय पंवार, दिनेश सेमवाल, भगवान चंद, जावेद खान, संतोष सेमवाल, आशीष, रामू, अभिषेक राणा, प्रशांत बिष्ट, संदीप पंवार, जावेद खान, शैलेन्द्र सिंह पंवार आदि मौजूद रहे।