सुनहरा वट वृक्ष के नीचे हो रहे अतिक्रमण पर चिंता !

स्वतंत्रता सेनानी परिजनों ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि
रुड़की। विभिन्न स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी एवं परिवार संगठनों द्वारा देश भर में चलाए जा रहे प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को “10 बजे 10 मिनट शहीदों के नाम” कार्यक्रम के अंतर्गत आज रुड़की, भगवानपुर तथा जनपद हरिद्वार के अन्य स्थानों पर भी इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रुड़की में मुख्य आयोजन सुनहरा स्थित ऐतिहासिक वटवृक्ष पर किया गया जिसमें स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारियों तथा नगर के गणमान्य लोगों ने भागीदारी की। आज के कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्य मंत्री श्याम वीर सिंह सैनी, भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्षा श्रीमती नीलकमल शर्मा एवं उत्तराखंड संस्कृत भारती प्रदेश अध्यक्ष डॉ आनंद भारद्वाज की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम का संचालन शहीद जगदीश वत्स के भांजे तथा स्वतंत्रता सेनानी परिवार कल्याण महापरिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉश्रीगोपाल नारसन द्वारा किया गया। सभी ने राष्ट्रगान कर अपने पूर्वज स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय सुखबीर सिंह की पुण्यतिथि व हरिराम शर्मा की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की गई। स्वर्गीय सुखबीर सिंह के पुत्र हरि शंकर सैनी ने बताया कि किस तरह से उनके पिताजी ने हैदराबाद के मुक्ति आंदोलन में भाग लिया और वह वहाॅं 3 वर्ष तक जेल में बंद रहे। स्वर्गीय हरिराम शर्मा के वंशज ने भी स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान के बारे में चर्चा की। संस्कृत भारती अध्यक्ष डॉ आनंद भारद्वाज ने माॅं भारती की वंदना प्रस्तुत की । उन्होंने कहा कि हमें इस आजादी को न केवल सुरक्षित रखना है बल्कि अपने पूर्वजों की भांति ही हमें भी अपने आसपास हो रहे अन्याय के विरुद्ध हमेशा आवाज उठानी चाहिए तथा कहीं पर भी अन्याय को देखकर चुप नहीं रहना चाहिए । उत्तराखंड के राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी ने भी अपने उद्बोधन में स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया और कहा कि हमें स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान और उनके स्मारकों की देखरेख के लिए सजग रहना चाहिए। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के स्मारकों की समुचित देखभाल के लिए आश्वासन दिया कि वह सरकार के स्तर पर भी इस बारे में बात करेंगे । उत्तराखंड कांग्रेस स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सैनी ने सभी उत्तराधिकारियों से आवाहन किया कि वह अपने पूर्वज स्वतंत्रता सेनानियों के इतिहास को इकट्ठा करें और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को लिपिबद्ध करने का प्रयास करें ताकि हमारे पूर्वज स्वतंत्रता सेनानियों का इतिहास धूमिल ना होने पाए । कार्यक्रम का संचालन कर रहे डॉ श्रीगोपाल नारसन ने इस अवसर पर सुनहरा वट वृक्ष के नीचे हो रहे अतिक्रमण पर चिंता जाहिर की व कहा कि स्थानीय प्रशासन ऐतिहासिक वटवृक्ष की ना तो सुरक्षा की तरफ ही गंभीर है और ना ही यहां पर साफ सफाई की कोई नियमित व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम में राजकुमारी, हरिशंकर सैनी, रणवीर सिंह रावत,डॉ. संजीव कुमार सैनी ,संजय चौबे ,अनूप बंसल, सुशील शर्मा,मौ.मतीन आदि शामिल रहे।वही ब्लॉक भगवानपुर स्थित स्वतंत्रता सेनानी स्मृति स्तंभ पर भी उत्तराखंड कांग्रेस स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष नवीन शरण निश्चल के संचालन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें नरदेव त्यागी नन्हेड़ा अनंतपुर, प्रमोद त्यागी एवं सुनील त्यागी चुड़ियाला तथा सर्व श्री राजीव सैनी ,मोहित सैनी, कविता सैनी, यादवेन्द्र शरण,आरव शरण,ईशिता शरण,पूजा सैनी, कुमुद सैनी,निवेदिता सैनी, वेदवती सैनी तथा प्रवीण सैनी आदि मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.