सीएम आवास में खिले ट्यूलिप के रंग, खुद परिवार संग रोपे बल्ब

देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास परिसर में हरियाली और सौंदर्य को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने परिवार के साथ मिलकर ट्यूलिप के बल्ब रोपकर इस विशेष अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रकृति संरक्षण, बागवानी विकास और पुष्प उत्पादन को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री आवास परिसर में इस बार कुल 17 प्रजातियों के करीब चार हजार ट्यूलिप बल्ब लगाए जा रहे हैं। इनमें लेक पर्पल, बाईकलर सहित कई आकर्षक रंगों की किस्में शामिल हैं, जो आने वाले समय में परिसर को रंग-बिरंगे फूलों से सजा देंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्यूलिप जैसे विदेशी फूलों की सफल खेती से न केवल राज्य की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने उद्यान विभाग को निर्देश दिए कि उत्तराखंड में ट्यूलिप के व्यावसायिक उत्पादन की संभावनाओं पर ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि पुष्प उत्पादन, बागवानी, मशरूम उत्पादन और मधुमक्खी पालन जैसे क्षेत्रों में नवाचार को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाई जा सकती है।

मुख्यमंत्री ने उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित से ट्यूलिप की खेती, जलवायु अनुकूलता और रखरखाव से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश को बागवानी और फ्लोरीकल्चर के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाना है, जिससे राज्य की आर्थिकी को मजबूती मिल सके।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.