उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में राजधानी देहरादून के शास्त्री नगर, अजबपुर कलां क्षेत्र में स्थित एक अवैध मजार को प्रशासन ने देर रात बुलडोजर चलाकर हटा दिया। यह मजार सड़क किनारे सरकारी भूमि पर बनाई गई थी, जिसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया था।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि उक्त स्थल पर लगभग दो सप्ताह पूर्व नोटिस चस्पा कर संबंधित पक्ष को वैध कागजात प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समयसीमा में कोई जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। इस दौरान नगर निगम, पुलिस और प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद रहा।
जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह एवं एसडीएम हरि गिरी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। मौके पर पहुंची टीम ने पहले पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया, जिसके बाद जेसीबी की मदद से अवैध मजार को हटाया गया। प्रशासन के अनुसार, संरचना के नीचे किसी प्रकार के धार्मिक अवशेष या कब्र नहीं पाई गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। करीब एक घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार का विरोध या अप्रिय घटना सामने नहीं आई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बने किसी भी प्रकार के निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी सरकारी जमीन पर अतिक्रमण है तो स्वयं उसे हटाएं, अन्यथा प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक प्रदेशभर में 571 अवैध मजारों को हटाया जा चुका है। प्रशासन का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।