ढाका में सियासी हलचल तेज, तारिक रहमान की वापसी से बदला सियासी माहौल

ढाका। बांग्लादेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यवाहक अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के पुत्र तारिक रहमान के देश लौटने से राजनीतिक माहौल गरमा गया है। लंदन से वापसी के बाद आज उनके आगमन को 24 घंटे पूरे हो चुके हैं। इस बीच पार्टी ने उनके आगामी सार्वजनिक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा कर दी है।

बीएनपी के अनुसार, तारिक रहमान आज दोपहर शेर-ए-बांग्ला नगर स्थित अपने पिता और बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रपति जिया-उर-रहमान की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे सावर स्थित राष्ट्रीय शहीद स्मारक पहुंचकर मुक्ति संग्राम के शहीदों को नमन करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इन कार्यक्रमों के जरिए तारिक देशवासियों को एक भावनात्मक संदेश देना चाहते हैं।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, तारिक के स्वदेश लौटने को लेकर देशभर में व्यापक चर्चा है। उनकी वापसी के बाद राजधानी में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। बीएनपी कार्यालय में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में पार्टी के वरिष्ठ नेता सलाहुद्दीन अहमद ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक तारिक विभिन्न राजनीतिक व संगठनात्मक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

सरकार ने सुरक्षा को देखते हुए तारिक रहमान को डबल लेयर सुरक्षा प्रदान की है। उनके दौरे के मद्देनजर शेर-ए-बांग्ला नगर और सावर स्थित राष्ट्रीय शहीद स्मारक के आसपास सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। ढाका पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अराफातुल इस्लाम ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था बहुस्तरीय है और किसी भी स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी की गई है।

बताया जा रहा है कि तारिक रहमान फिलहाल गुलशन इलाके में स्थित अपने आवास में ठहरे हुए हैं, जो उनकी मां और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के निवास के निकट है। उल्लेखनीय है कि तारिक 2007 में राजनीतिक उथल-पुथल के दौरान देश छोड़कर गए थे और 2008 से लंदन में रह रहे थे। लंबे अंतराल के बाद उनकी वापसी को बांग्लादेश की राजनीति में एक अहम मोड़ के रूप में देखा जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.