कुड्डालोर (तमिलनाडु)। तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली–चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तमिलनाडु राज्य परिवहन निगम की एक बस का टायर अचानक फट गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर सामने से आ रही दो कारों से टकरा गई।
पुलिस के अनुसार, बस तिरुचिरापल्ली से चेन्नई की ओर जा रही थी। कडालूर जिले के तिट्टुकुड़ी क्षेत्र के पास अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर तोड़ते हुए विपरीत दिशा में जा पहुंची। इसी दौरान सामने से आ रही दो कारें बस की चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उनमें सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल घटनास्थल पर पहुंचे और शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिसे बाद में सुचारू किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस का टायर फटना हादसे की मुख्य वजह रहा, हालांकि पुलिस ने बस चालक से पूछताछ शुरू कर दी है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहनों की नियमित जांच की आवश्यकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।
