After Header-1

दिल्ली-एनसीआर में शून्य विजिबिलिटी का कहर, हवाई यात्रियों के लिए जारी हुई खास एडवाइजरी

देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर में शनिवार तड़के से घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सुबह के समय दृश्यता शून्य तक पहुंच गई, जिसके कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। कोहरे का सबसे ज्यादा असर हवाई यातायात पर पड़ा है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) पर उड़ान परिचालन बुरी तरह बाधित हुआ और 130 से अधिक फ्लाइट्स को रद्द करना पड़ा।

दिल्ली एयरपोर्ट ऑथिरिटी की ओर से जारी बयान के अनुसार, आज कुल 129 उड़ानें रद्द की गईं, जिनमें 66 आगमन और 63 प्रस्थान वाली फ्लाइट्स शामिल हैं। लगातार खराब मौसम के चलते एयरपोर्ट पर लो विजिबिलिटी प्रोसीजर (LVP) लागू किया गया है। हालांकि, एयरपोर्ट प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि फिलहाल उड़ान संचालन सामान्य करने की कोशिशें जारी हैं।

इस बीच, एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) और विभिन्न एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

इंडिगो एयरलाइंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “एक्स” पर जारी बयान में कहा कि दिल्ली, रांची, जम्मू और हिंडन एयरपोर्ट पर कम दृश्यता और घने कोहरे के कारण फ्लाइट शेड्यूल प्रभावित हो सकता है। एयरलाइन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे नियमित रूप से अपनी फ्लाइट का स्टेटस जांचते रहें। कंपनी ने यह भी आश्वासन दिया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा उनकी प्राथमिकता है।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले शुक्रवार को भी घने कोहरे के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर हालात बिगड़े रहे। उस दिन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों समेत कुल 177 फ्लाइट्स रद्द कर दी गई थीं, जबकि 500 से अधिक उड़ानों में देरी हुई थी। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों तक कोहरे से राहत मिलने की संभावना कम है, जिससे यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.