प्रदेश में ढोंग, तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के नाम पर लोगों को ठगने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन कालनेमि के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात ढोंगी बाबाओं को गिरफ्तार किया है, जो तंत्र-मंत्र, जादू-टोना और कथित चमत्कार दिखाकर भोले-भाले लोगों को ठग रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ऑपरेशन कालनेमि के तहत पूरे प्रदेश में सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में चेकिंग के दौरान इन बाबाओं को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये आरोपी खुद को सिद्ध बाबा बताकर लोगों की समस्याएं दूर करने का दावा करते थे और इसके बदले मोटी रकम वसूलते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में पीर मोहम्मद शाह, रमेश गिरी, मनोज, सनी कुमार देव, चंदन सिंह, अशोक कुमार और रतन वीर सिंह शामिल हैं। ये आरोपी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं और हरिद्वार के अलग-अलग इलाकों में रहकर अपनी गतिविधियां संचालित कर रहे थे।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार चालान कर न्यायालय में पेश कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन कालनेमि आगे भी जारी रहेगा और ढोंग व अंधविश्वास फैलाकर लोगों को गुमराह करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि ऐसे ढोंगी बाबाओं के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।