रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को राजधानी रायपुर में नक्सलवाद को लेकर एक अहम और उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। यह बैठक सुबह 11 बजे एक निजी रिज़ॉर्ट में शुरू होगी, जिसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल रहेंगे। बैठक में राज्य में चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों की प्रगति, अब तक की कार्रवाई और आगे की रणनीति पर गहन मंथन किया जाएगा।
बैठक के दौरान सुरक्षा बलों की तैनाती, समन्वय, खुफिया तंत्र की मजबूती और विकास योजनाओं के प्रभाव जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि केंद्र और राज्य के बीच बेहतर तालमेल के साथ नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जाएगा।
बैठक के बाद गृह मंत्री अमित शाह बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह में शामिल होने के लिए बस्तर रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 1 बजकर 50 मिनट पर रायपुर एयरपोर्ट से जगदलपुर के लिए उड़ान भरेंगे और दोपहर 2:35 बजे जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद 2:45 बजे से 4:45 बजे तक वे बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम समाप्त होते ही अमित शाह शाम 4:55 बजे जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
गौरतलब है कि अमित शाह शुक्रवार देर रात रायपुर पहुंचे थे। माना एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से वे सीधे होटल मेफेयर पहुंचे, जहां उन्होंने रात्रि विश्राम किया।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी बस्तर ओलंपिक के आयोजन के दौरान अमित शाह समापन समारोह में शामिल हुए थे। उस समय उन्होंने मंच से यह वादा किया था कि वे अगले साल भी बस्तर ओलंपिक में भाग लेने आएंगे। इस वर्ष उनका दोबारा पहुंचना न केवल उस वादे की पूर्ति है, बल्कि बस्तर क्षेत्र में शांति, विकास और युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है।