नई दिल्ली। संसद के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने संसद भवन के मकर द्वार पर तीन नए श्रम कानूनों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सीपीपी चेयरपर्सन सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी दलों के वरिष्ठ नेता इस विरोध में शामिल हुए।
नेता कतारबद्ध होकर हाथों में पोस्टर और बैनर लिए ‘श्रमिकों के हक़ बचाओ’, ‘कॉपोरेट जंगलराज को ना कहें’, ‘श्रमिक न्याय हो’ और ‘श्रमिक विरोधी कानून वापस लो’ जैसे नारे लगाते रहे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नए श्रम कानून श्रमिकों के अधिकार, सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा को कमजोर करते हैं।
विपक्षी गठबंधन ने तीनों श्रम कानूनों को वापस लेने की मांग करते हुए संसद परिसर में जोरदार नारेबाजी की और कहा कि ये कानून श्रमिकों को कंपनियों के भरोसे छोड़ देते हैं, जो उनके हितों के खिलाफ है।