नैनीताल। उत्तराखंड में बढ़ती ठंड और तेज होती शीतलहर को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर में राहत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं। नैनीताल प्रवास के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि रेन बसेरों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि बेघर और जरूरतमंद लोग सुरक्षित रह सकें। इसके साथ ही मुख्य बाजारों, कस्बों और भीड़भाड़ वाले स्थलों पर नियमित रूप से अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंदों को कंबल समय पर उपलब्ध कराए जाएं और असहाय लोगों तक राहत पहुंचाने में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में जहां-जहां अलाव जलाए जा रहे हैं, उनकी सतत निगरानी और देखरेख की व्यवस्था तय होनी चाहिए। साथ ही प्रशासन को प्रतिदिन आवश्यक सामग्री की उपलब्धता, वितरण और निगरानी की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि ठंड से बचाव के उपाय जमीन पर प्रभावी रूप से लागू हो सकें।
गौरतलब है कि इससे पहले मुख्यमंत्री सुबह की सैर के दौरान स्वयं भी ठंड का प्रभाव महसूस कर चुके हैं। सैर के दौरान उन्होंने एक ठेले से चाय पी और सड़क किनारे जल रही अलाव के पास हाथ सेककर आम जनता की स्थिति का अनुभव किया। मुख्यमंत्री की यह पहल शीतलहर से जूझ रहे लोगों के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाती है।