देहरादून। डीएवी पीजी कॉलेज, देहरादून में आज इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योर सेल के तत्वावधान में अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।

इस व्याख्यान का उद्देश्य छात्रों और छात्राओं को विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों एवं रोजगार के अवसरों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री अनिल पुंडीर, प्रशिक्षण, समन्वय एवं प्लेसमेंट अधिकारी, आईटीआई निरंजनपुर, देहरादून रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में छात्रों को बताया कि भारत सरकार और उत्तराखंड सरकार द्वारा चलाया जा रहा अप्रेंटिस कार्यक्रम युवाओं को उद्योगों में व्यावहारिक प्रशिक्षण का अवसर प्रदान करता है, जिससे वे अपने करियर को नई दिशा दे सकते हैं।
श्री पुंडीर ने अप्रेंटिसशिप रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया, पात्रता मानदंड, प्रशिक्षण अवधि, तथा इससे मिलने वाले रोजगार लाभों के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने छात्रों को ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन कर व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया। उनका सत्र पूरी तरह से इंटरएक्टिव रहा, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और अपने करियर से संबंधित सुझाव प्राप्त किए।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) कौशल कुमार ने कहा कि ऐसे व्याख्यान छात्रों के समग्र विकास में सहायक होते हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।
उप प्राचार्य प्रो. एस. पी. जोशी ने भी छात्रों से आग्रह किया कि वे सरकार की कौशल विकास योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएँ।
इस अवसर पर सेल के संयोजक प्रो. (डॉ.) वी. बी. चौरसिया, प्रो. शिखा नगरिया, डॉ. अर्चना पाल, डॉ. रीना उनियाल, डॉ. रवि शरण दीक्षित सहित कई शिक्षकगण उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में अप्रेंटिसशिप और स्टार्टअप कल्चर के प्रति जागरूकता बढ़ाना था, ताकि वे अपने कौशल का उपयोग कर रोजगार सृजन में योगदान दे सकें।