After Header-1

आठ किलोमीटर की दौड़ में जोश का विस्फोट — जानिए किसने जीती दून मैराथन की ट्रॉफी!

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती के मौके पर शुक्रवार को राजधानी दून में उत्साह और जोश से भरी आठ किलोमीटर की दून मैराथन का आयोजन हुआ। इस दौड़ में 700 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया, जहां महिला वर्ग में तनुश्री चौहान और पुरुष वर्ग में नितिन भंडारी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर सबका दिल जीत लिया।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने पवेलियन ग्राउंड से हरी झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह दौड़ केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की एकता, ऊर्जा और प्रगति का प्रतीक है। राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर यह आयोजन युवाओं के सामूहिक संकल्प का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि “मैराथन हमें सिखाती है कि लक्ष्य तक पहुंचने के लिए निरंतर प्रयास जरूरी है। जैसे दौड़ में धैर्य और लगन की जरूरत होती है, वैसे ही राज्य के विकास में भी हर नागरिक का योगदान महत्वपूर्ण है।”

डीएम बंसल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आपके कदमों की रफ्तार में उत्तराखंड का उज्ज्वल भविष्य छिपा है। यह दौड़ ‘स्वस्थ उत्तराखंड – सशक्त उत्तराखंड’ का संदेश लेकर पूरे समाज में प्रेरणा जगाएगी।

मैराथन का मार्ग पवेलियन ग्राउंड से कनक चौक, एस्ले हॉल, बहल चौक, दिलाराम चौक, ब्रह्मकमल चौक, एनआईवीएच तक होकर वापस पवेलियन ग्राउंड पर समाप्त हुआ।

परिणामों में महिला वर्ग में तनुश्री चौहान प्रथम, गौरी रावत द्वितीय और सुधा पटेल तृतीय रहीं। वहीं पुरुष वर्ग में नितिन भंडारी ने प्रथम, मुकेश ने द्वितीय और विपिन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इस अवसर पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी विजेंद्र पांडेय, जिला खेल अधिकारी रविंद्र सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद पांडेय सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और राज्य स्थापना दिवस को यादगार बनाने की सराहना की।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.