After Header-1

बुसान में ट्रंप-शी शिखर सम्मेलन आज, 11 बजे शुरू होगी ऐतिहासिक बैठक

दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच आज एक अहम मोड़ आने जा रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच बहुप्रतीक्षित शिखर सम्मेलन दक्षिण कोरिया के व्यापारिक केंद्र बुसान में आज आयोजित हो रहा है। दोनों नेता शहर पहुंच चुके हैं और बैठक पर पूरी दुनिया की निगाहें टिकी हैं।

द कोरिया हेराल्ड की रिपोर्ट के अनुसार, शी जिनपिंग गुरुवार सुबह 10:30 बजे (स्थानीय समय) एयर चाइना की विशेष उड़ान से गिम्हे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे। यह दक्षिण कोरिया की उनकी 11 साल बाद पहली यात्रा है। कुछ ही देर बाद, सुबह 10:20 बजे राष्ट्रपति ट्रंप भी बुसान पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच मुलाकात सुबह 11 बजे नारायमारू स्वागत कक्ष में शुरू होगी।

चीन के विदेश मंत्रालय और व्हाइट हाउस ने पुष्टि की है कि यह बैठक लगभग दो घंटे तक चलेगी। इसके बाद ट्रंप दोपहर 12:55 बजे वाशिंगटन के लिए रवाना होंगे। जून 2019 के बाद यह दोनों नेताओं की पहली आमने-सामने की मुलाकात है, जिससे वैश्विक स्तर पर कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है।

विश्लेषकों का मानना है कि यह बैठक व्यापार, प्रौद्योगिकी, ताइवान, और दक्षिण चीन सागर जैसे मुद्दों पर तनाव कम करने की दिशा में निर्णायक साबित हो सकती है। इसके अलावा दोनों नेता एपेक शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे, जो ग्योंगजू में आयोजित होगा।

शी जिनपिंग तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर दक्षिण कोरिया पहुंचे हैं। वहीं, ट्रंप का यह दौरा अमेरिकी चुनावी वर्ष में विदेश नीति की दिशा तय करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.