गाजियाबाद। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रविवार को गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित अत्याधुनिक यशोदा मेडिसिटी अस्पताल का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे। पूरे ट्रांस हिंडन क्षेत्र को नो-ड्रोन जोन घोषित किया गया, जबकि यातायात के लिए कई मार्ग डायवर्ट किए गए।
राष्ट्रपति मुर्मु सुबह 11:33 बजे इंदिरापुरम शक्ति खंड-2 स्थित अस्पताल परिसर पहुंचीं। उनके साथ केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक सहित कई वरिष्ठ गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
राष्ट्रपति ने अस्पताल पहुंचकर आधुनिक उपकरणों और स्वास्थ्य सुविधाओं का अवलोकन किया। यह 1200 बेड का सुपरस्पेशलिटी अस्पताल है, जिसमें आधुनिक चिकित्सा तकनीक और अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्थल पर पहुंचे और सभी तैयारियों की समीक्षा की। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। दो हजार से अधिक जवानों को सुरक्षा में तैनात किया गया था। कमांडो और पुलिस बल ने कार्यक्रम स्थल से लेकर पूरे रूट पर सुरक्षा घेरा बना रखा था।
यातायात व्यवस्था को देखते हुए सुबह से ही भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई। भोपुरा, तुलसी निकेतन और हिंडन एयरफोर्स गोलचक्कर के पास ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया। सीआईएसएफ कट से वसुंधरा की ओर भी व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहा।
राष्ट्रपति मुर्मु के इस दौरे को लेकर गाजियाबादवासियों में उत्साह देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों ने इसे शहर के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन बताया।