रेलवे का दावा: 12,011 विशेष रेलगाड़ियों का संचालन किया

सत्यनारायण मिश्र, वरिष्ठ पत्रकार
मालीगांव(गुवाहाटी)। भारतीय रेलवे ने चालू त्यौहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती यात्रा मांग को पूरा करने के लिए और अधिक व्यापक एवं सुव्यवस्थित प्रबंध के दावे किये हैं। रेल प्रवक्ता के मुताबिक दिवाली पूजा और छठ पर्व के दौरान यात्रियों को सुगम, सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से 12,011 विशेष रेलगाड़ियों का संचालन किया है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में चलाई गई 7,724 ट्रेनों की तुलना में एक उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाता है।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने इस क्षेत्र में 48 विशेष त्यौहार ट्रेनें चलने की जानकारी दी है। बताया है कि ये स्पेशल ट्रेनें दिसंबर 2025 तक विभिन्न मार्गों पर कुल 620 फेरें करेंगी।
कटिहार, न्यू जलपाईगुड़ी, गुवाहाटी, जोगबनी और किशनगंज जैसे प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए होल्डिंग एरिया, पैसेंजर एनाउंसमेंट सिस्टम, पंखे, अतिरिक्त टिकट काउंटर और स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीनों सहित विशेष व्यवस्था की गई है। प्रभावी भीड़ प्रबंधन और यात्री सहायता के लिए चौबीसों घंटे वॉर रूम और आरपीएफ कर्मियों सहित अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
कटिहार, किशनगंज, न्यू जलपाईगुड़ी, सोनपुर, दौरम मधेपुरा, अगरतला, न्यू तिनसुकिया, एसएमवीटी बेंगलुरु, अमृतसर, पटना, डिब्रूगढ़, गोरखपुर, सिलचर, नाहरलगुन, कोलकाता, गुवाहाटी, रांची, चर्लपल्ली, मुंबई सेंट्रल, आगरा छावनी, जोगबनी, लामडिंग, हावड़ा, गोमती नगर, आनंद विहार, कामाख्या और कई अन्य प्रमुख गंतव्यों के लिए विशेष ट्रेनें चल रही हैं।
22 अक्टूबर 2025 (बुधवार) को निर्धारित ट्रेनें इस प्रकार हैं:
ट्रेन संख्या 05978 डिब्रूगढ़-गोरखपुर (साप्ताहिक स्पेशल) डिब्रूगढ़ से सुबह 9:10 बजे प्रस्थान करेगी और गोरखपुर 19:00 बजे पहुँचेगी।
ट्रेन संख्या 05736 कटिहार-अमृतसर (साप्ताहिक स्पेशल) कटिहार जंक्शन से 21:00 बजे प्रस्थान करेगी और अमृतसर जंक्शन 9:45 बजे पहुँचेगी।
ट्रेन संख्या 07541 कटिहार-दौरम मधेपुरा (दैनिक स्पेशल) कटिहार से 19:00 बजे प्रस्थान करेगी और दौरम मधेपुरा 22:00 बजे पहुँचेगी।
ट्रेन संख्या 07542 दौरम मधेपुरा – कटिहार (दैनिक स्पेशल) दौरम मधेपुरा से 22:45 बजे प्रस्थान करेगी और कटिहार 2:30 बजे पहुँचेगी।
ट्रेन संख्या 07540 कटिहार – मनिहारी (दैनिक स्पेशल) कटिहार से 20:30 बजे प्रस्थान करेगी और मनिहारी 21:30 बजे पहुँचेगी।
ट्रेन संख्या 07539 मनिहारी – कटिहार (दैनिक स्पेशल) मनिहारी से 5:00 बजे प्रस्थान करेगी और कटिहार 6:00 बजे पहुँचेगी।
यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे त्यौहारों के मौसम में सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और रेल कर्मचारियों के साथ सहयोग करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.