प्रशासन और जनता की साझी पहल से चमक उठा झाला गांव, शुरू हुआ स्वच्छता मॉडल का सफर!

जिले का ग्राम झाला अब स्वच्छता का एक प्रेरक उदाहरण बनने की राह पर है। पंचायती राज और युवा कल्याण विभाग के संयुक्त प्रयास से चल रहे “थैंक यू नेचर” अभियान को अब जिला प्रशासन का भी पूरा सहयोग मिल गया है। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित इस सुंदर पहाड़ी गांव में हाल ही में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें प्रशासन, पंचायत और स्थानीय लोगों ने एक साथ मिलकर हिस्सा लिया।

खंड विकास अधिकारी के निर्देश पर गांव में कचरा गाड़ी और सफाई कर्मियों की नियमित व्यवस्था की गई है। वहीं नगर पंचायत के कर्मचारियों ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। गांव से एकत्रित प्लास्टिक कचरे को रिसाइक्लिंग सेंटर भेजा गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिला है।

ग्राम प्रधान अभिषेक रौतेला* ने बताया कि “थैंक यू नेचर” अभियान अब सिर्फ सफाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह जनसहभागिता और पर्यावरण चेतना का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा — “जब प्रशासन, पंचायत और जनता एकजुट होकर काम करती है, तो सकारात्मक बदलाव अपने आप आ जाता है।”

रौतेला ने आगे बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी से ग्राम झाला को ‘मॉडल विलेज’ के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा है। जिलाधिकारी ने भी इस सुझाव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

ग्राम प्रधान ने कहा कि जिला प्रशासन के समर्थन से अभियान को नई ऊर्जा मिली है और जल्द ही झाला को स्वच्छता मॉडल गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

अभियान का लक्ष्य सिर्फ स्वच्छता नहीं, बल्कि ग्रामीणों में पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त जीवन और सामुदायिक जागरूकता को बढ़ावा देना है। यदि यह पहल सफल रहती है, तो उत्तरकाशी का झाला गांव जल्द ही पूरे प्रदेश के लिए एक आदर्श मॉडल साबित हो सकता है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.