देहरादून।मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने राजधानी देहरादून में अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए गुरुवार को कांवली रोड क्षेत्र में चल रहे एक अवैध व्यवसायिक निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
यह कार्रवाई उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश और संयुक्त सचिव गौरच चटवाल के आदेशों पर की गई। बताया गया कि श्याम सुंदर वैश्य द्वारा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण कार्य किया जा रहा था।
एमडीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध हिस्से को तत्काल ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, अवर अभियंता अभिजीत थलवाल, सुपरवाइजर और पुलिस बल भी मौजूद रहे।
यह कदम शहर में अवैध निर्माण कार्यों पर अंकुश लगाने और देहरादून को सुव्यवस्थित ढंग से विकसित करने की दिशा में एक बड़ा संकेत माना जा रहा है।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने चेतावनी दी कि बिना स्वीकृति निर्माण अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य देहरादून को सुंदर, स्वच्छ और योजनाबद्ध स्वरूप में विकसित करना है।
बर्निया ने कहा, “प्राधिकरण नियमित रूप से निरीक्षण अभियान चला रहा है। जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जा रहा है, वहां तत्काल सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।”
वहीं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि शहर की सुंदरता और सुव्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना स्वीकृति निर्माण या भूमि काटकर बेचने वालों पर अब कठोर कानूनी कार्रवाई होगी।
उन्होंने जनता से अपील की कि किसी भी निर्माण कार्य से पहले एमडीडीए से नक्शा स्वीकृत करवाना अनिवार्य है, ताकि भविष्य में किसी कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।
एमडीडीए ने साफ संदेश दिया है कि अब अवैध निर्माण पर कोई रियायत नहीं मिलेगी। देहरादून का विकास केवल नियम और व्यवस्था के दायरे में ही किया जाएगा।