After Header-1

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने किया बड़ा ऐलान — छठ के बाद होंगे बिहार चुनाव, 14 नवंबर को नतीजे

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का औपचारिक ऐलान हो गया है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में जानकारी दी कि राज्य में 6 नवंबर और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।

उन्होंने बताया कि बिहार में कुल 7.42 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 3.92 करोड़ पुरुष और 3.50 करोड़ महिला मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 14 लाख नए मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों के लिए यह चुनाव आयोजित किए जा रहे हैं। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है।

ज्ञानेश कुमार ने कहा कि इस बार का चुनाव “सुगम, सरल और पारदर्शी” होगा। उन्होंने बताया कि हर मतदान केंद्र पर लगभग 1200 मतदाता होंगे और मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संचालित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

उन्होंने कहा कि आयोग का उद्देश्य है कि ये चुनाव न केवल तकनीकी रूप से पारदर्शी हों, बल्कि सुरक्षा और सुविधा के लिहाज से देश के सबसे बेहतर चुनाव साबित हों। उन्होंने बताया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की सख्त निगरानी रखी जाएगी और हर संवेदनशील क्षेत्र में सुरक्षा बलों की तैनाती होगी।

गौरतलब है कि बिहार के प्रमुख राजनीतिक दलों ने निर्वाचन आयोग से आग्रह किया था कि छठ पर्व के बाद चुनाव आयोजित किए जाएं, ताकि प्रवासी मजदूर और कामकाजी लोग जो त्योहारों पर घर लौटते हैं, वे मतदान में शामिल हो सकें।

साल 2020 के विधानसभा चुनाव कोविड-19 महामारी के दौरान तीन चरणों में कराए गए थे। इस बार आयोग ने दो चरणों में चुनाव कराने का निर्णय लिया है ताकि प्रक्रिया अधिक सरल और प्रभावी हो सके।

ज्ञानेश कुमार ने बिहार की जनता से अपील की कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और मतदान अवश्य करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.