स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025: पूरे प्रदेश में रिकॉर्ड सहभागिता, हल्द्वानी-हरिद्वार में उत्साह

देहरादून। ‘‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025’’ के तहत गुरुवार को प्रदेशभर में ‘‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’’ श्रमदान कार्यक्रम ऐतिहासिक रूप से आयोजित हुआ। इस अभियान में करीब 2.5 लाख लोगों ने सक्रिय भागीदारी कर स्वच्छ भारत मिशन को नई ऊर्जा प्रदान की। कार्यक्रम का आयोजन शासन/शहरी विकास निदेशालय, देहरादून से प्राप्त निर्देशों के तहत सुबह 8 बजे से किया गया।

हरिद्वार जिले के राजकीय इंटर कॉलेज एस.एन. शर्मा, सुल्तानपुर पट्टी एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। यहां नगर पंचायत अध्यक्ष राजीव कुमार, अधिशासी अधिकारी गीता चौधरी, चिकित्साधिकारी डॉ. खालिद यूनूस नून, विद्यालय के शिक्षक-छात्र और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने मिलकर श्रमदान किया। इस मौके पर सभी ने सामूहिक रूप से स्वच्छता की शपथ भी ली।

हल्द्वानी नगर निगम में भी अभियान के तहत विशेष सफाई कार्यक्रम आयोजित हुआ। पूरे नगरीय क्षेत्र के वार्डों, शासकीय-अर्धशासकीय कार्यालयों, विद्यालयों, सुशीला तिवारी अस्पताल, ओपन यूनिवर्सिटी और आर्मी कैंट को इस मुहिम से जोड़ा गया। महापौर की अध्यक्षता में जीजीआईसी कालाढूंगी रोड पर शपथ समारोह हुआ और इसके बाद कालाढूंगी रोड से ओके होटल तक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान लगभग 1,32,400 लोगों ने एक साथ स्वच्छता की शपथ लेकर प्रदेश में रिकॉर्ड बनाया।

इसके अलावा प्रदेशभर के 108 ब्लॉकों में भी श्रमदान और शपथ कार्यक्रम आयोजित हुए। इसमें विद्यालयों, एनएसएस, स्काउट्स एंड गाइड्स, आशा कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों, सरकारी-अर्धसरकारी विभागों, सैनिक बलों और आमजन ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और ‘‘स्वच्छ भारत मिशन’’ को जनआंदोलन का रूप देना है। उत्तराखंड में इस दिन एक साथ 2.5 लाख लोगों की सहभागिता ने साबित कर दिया कि सामूहिक प्रयास से स्वच्छता का लक्ष्य और भी आसानी से हासिल किया जा सकता है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.