लोहाघाट में भीषण आग से दो परिवार बेघर, लाखों का नुकसान

चंपावत। चंपावत जिले के लोहाघाट विकासखंड में बुधवार सुबह लगी आग ने दो परिवारों का आशियाना पलभर में छीन लिया। गंगनौला ग्राम सभा के चनोड़ा तोक में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने हरिश्चंद्र जोशी और खिलानंद जोशी के दो मंजिला लकड़ी के मकान को पूरी तरह जलाकर राख कर दिया।

हादसा सुबह तड़के हुआ। अचानक उठी लपटों और धुएं के बीच मौजूद हरिश्चंद्र जोशी किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरा मकान उसकी चपेट में आ गया। मकान के अंदर रखा अधिकांश सामान भी जलकर खाक हो गया।

सूचना मिलते ही पूर्व प्रधान **ललित मोहन जोशी** ने फायर स्टेशन और राजस्व विभाग को खबर दी। फायर स्टेशन प्रभारी **हंस दास सागर** की अगुवाई में दमकल दल मौके पर पहुँचा। ग्रामीणों की मदद से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक मकान पूरी तरह नष्ट हो चुका था।

पूर्व प्रधान ललित मोहन जोशी ने बताया कि दोनों परिवारों को लाखों रुपये की क्षति हुई है। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की तत्परता से कुछ सामान ही सुरक्षित निकाला जा सका।

आग बुझाने की मुहिम में ग्रामीणों **प्रकाश जोशी, परमानंद जोशी, नारायण दत्त जोशी और धर्मानंद जोशी** समेत कई लोगों ने सक्रिय सहयोग दिया। वहीं राजस्व निरीक्षक **राजेंद्र गोस्वामी**, उप निरीक्षक **हिमांशु बिष्ट** और **रवि महर** के नेतृत्व में राजस्व टीम ने मौके पर पहुँचकर नुकसान का आकलन किया।

दमकल अभियान में लीडिंग फायरमैन **कुंदन बसेड़ा**, डीबीआर **राजेश खर्कवाल**, **भैरव सिंह**, **भरत सिंह**, **चंचल सिंह**, **उमेश कुमार** और **राजेंद्र मेहता** शामिल रहे। इस दौरान जल संस्थान से अतिरिक्त पानी की आपूर्ति के लिए एक टैंकर भी मंगाया गया।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से प्रभावित परिवारों को तत्काल मुआवजा और राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.