वाराणसी। बेंगलुरु से वाराणसी आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (IX-1086) में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक यात्री ने उड़ान के दौरान कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की। घटना को संभावित सुरक्षा खतरा मानते हुए पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को इसकी सूचना दी और दरवाजा नहीं खोला गया। इसके बाद विमान जब वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा तो सीआईएसएफ ने संबंधित यात्री को हिरासत में ले लिया।
पुलिस उपायुक्त (गोमती जोन) आकाश पटेल ने बताया कि हिरासत में लिया गया युवक शिवकुमार है, जो बेंगलुरु से आए 9 यात्रियों के एक धार्मिक समूह का हिस्सा था। सभी यात्री वाराणसी दर्शन के उद्देश्य से आए थे और यह उनकी पहली हवाई यात्रा थी। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि शिवकुमार असल में वॉशरूम का उपयोग करना चाहता था। लेकिन अनुभवहीन होने के कारण उसने वॉशरूम के बजाय कॉकपिट के पास स्थित कंट्रोल मशीन को समझने में गलती की और अनजाने में बटन दबा दिया। इससे कॉकपिट का दरवाजा खुलने का प्रयास हुआ, लेकिन सुरक्षा सिस्टम की वजह से दरवाजा नहीं खुला और स्थिति पर तुरंत काबू पा लिया गया।
घटना के बाद सीआईएसएफ और पुलिस ने यात्रियों तथा उनके सामान की गहन जांच की, लेकिन किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई। फिलहाल शिवकुमार से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह घटना विमानन सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील है। भले ही यात्री की मंशा गलत न रही हो, लेकिन उड़ान के दौरान ऐसे कार्य विमान और यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। यही कारण है कि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब मामले की गहराई से जांच कर रही हैं।