नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में सोमवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के शीर्ष नेतृत्व को करारा झटका देते हुए दो केंद्रीय समिति सदस्य नक्सलियों का सफाया कर दिया। मारे गए नक्सलियों की पहचान कट्टा रामचंद्र रेड्डी और कादरी सत्यनारायण रेड्डी के रूप में हुई है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस बड़ी सफलता पर कहा कि देश के सुरक्षाबल संगठित रणनीति के तहत लगातार नक्सलियों के शीर्ष नेतृत्व को खत्म कर रहे हैं और लाल आतंक की रीढ़ तोड़ रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “आज सुरक्षाबलों ने महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर अबूझमाड़ क्षेत्र में दो केंद्रीय समिति सदस्य नक्सली नेताओं को मार गिराया। यह इस बात का प्रमाण है कि हम नक्सलवाद को जड़ से समाप्त करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।”
मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से दो वर्दीधारी नक्सलियों के शव बरामद किए। सर्चिंग अभियान में एके-47 रायफल, बड़ी मात्रा में विस्फोटक, नक्सली साहित्य, प्रचार सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी जब्त की गईं। सुरक्षाबलों का कहना है कि नक्सलियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी और तेज किया जाएगा।
गौरतलब है कि मोदी सरकार ने मार्च 2026 तक नक्सलवाद मुक्त भारत का लक्ष्य तय किया है। ऐसे में लगातार हो रही ये सफलताएं केंद्र सरकार की सख्त नीति और सुरक्षा बलों की मजबूत कार्रवाई का परिणाम मानी जा रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि नक्सलियों के शीर्ष नेताओं के सफाए से संगठन की कमर टूटेगी और जंगलों में उनका दबदबा तेजी से कमजोर होगा।
यह मुठभेड़ न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षाबलों के मनोबल को और ऊंचा करेगी।