देहरादून। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन गढ़ी डाकरा में नव चेतना इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज और फ्रांसिस ग्रुप सेवार्थ ट्रस्ट की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का शुभारंभ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने रिबन काटकर किया।
कैंप में महिला रोग, बाल रोग, नेत्र रोग और हड्डी रोग विशेषज्ञों सहित कई चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। रक्त जांच, आंखों की जांच और अन्य स्वास्थ्य परीक्षण भी नि:शुल्क किए गए। बड़ी संख्या में लोगों ने इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपनी चिकित्सकीय जांच कराई।
मुख्य अतिथि श्री सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि “दुनिया का सबसे बड़ा धर्म इंसानियत है और सबसे बड़ी पूजा सेवा है। जब किसी मरीज को रक्त की आवश्यकता होती है, तो डॉक्टर सिर्फ रक्त समूह पूछते हैं, धर्म नहीं। यह इस बात का प्रमाण है कि ऊपर वाले ने हमें इंसान बनाया है, धर्म बाद में समाज ने बांटे हैं।” उन्होंने कहा कि गढ़ी डाकरा क्षेत्र में मिलिट्री अस्पताल को छोड़कर कोई बड़ा स्वास्थ्य केंद्र नहीं है, ऐसे में नव चेतना इंस्टीट्यूट और फ्रांसिस ट्रस्ट की यह पहल सराहनीय है।
इस अवसर पर संस्थान के सचिव राहुल अग्रवाल ने बताया कि उनका प्रयास है कि आने वाले वर्ष तक यह संस्थान एक मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल के रूप में विकसित हो और क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए शिक्षाविद डॉ. सुनील अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने की आवश्यकता है। ऐसे प्रयास, अगर ईमानदारी से किए जाएं, तो इनके सकारात्मक परिणाम अवश्य देखने को मिलेंगे।
कैंप में फ्रांसिस ग्रुप सेवार्थ ट्रस्ट के सोनू फ्रांसिस, राजेश उनियाल, वीरेश शर्मा, सुशीला शर्मा, नजमा खान, और डॉक्टरों की टीम डॉ. अजय टम्टा, डॉ. हर्षिता शर्मा, डॉ. शाइन, डॉ. चित्रा, डॉ. मनमोहन सहित कई लोग मौजूद रहे।