झारखंड में बड़ी सफलता: एक करोड़ का इनामी नक्सली सहदेव सोरेन ढेर

हजारीबाग। झारखंड पुलिस को नक्सल मोर्चे पर आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। हजारीबाग जिले के गीरहोर थाना क्षेत्र अंतर्गत पनतीतरी जंगल में तड़के सुबह पुलिस और माओवादी नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक करोड़ रुपये का इनामी नक्सली सहदेव सोरेन उर्फ प्रवेश मारा गया। उसके साथ दो और बड़े नक्सली भी ढेर हो गए। यह इलाका बोकारो और गिरिडीह के सीमावर्ती क्षेत्र में आता है, जहां लंबे समय से माओवादी सक्रियता बनी हुई थी।

अधिकारियों ने बताया कि सहदेव सोरेन प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) की सेंट्रल कमेटी का सदस्य था और झारखंड पुलिस व केंद्रीय एजेंसियों को उसकी लंबे समय से तलाश थी। उसकी गतिविधियों से राज्य में कई बड़े नक्सली हमले और हिंसा की घटनाएं जुड़ी रही हैं।

पुलिस ने बताया कि इस मुठभेड़ में 25 लाख रुपये का इनामी रघुनाथ हेंब्रम उर्फ चंचल और 10 लाख रुपये का इनामी जोनल कमांडर बिरसेन गंझू भी मारे गए। तीनों नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मौके से तीन अत्याधुनिक एके-47 राइफल भी जब्त की गई हैं।

इस ऑपरेशन में कोबरा बटालियन, गिरिडीह और हजारीबाग पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ सुबह करीब 6 बजे शुरू हुई और कुछ घंटों तक चली। इसके बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है ताकि अन्य नक्सलियों की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।

आईजी (अभियान) माइकल राज एस ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि सहदेव सोरेन जैसे बड़े नेताओं के मारे जाने से माओवादी संगठन को बड़ा झटका लगा है।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से झारखंड और आसपास के जिलों में नक्सली गतिविधियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। सुरक्षा बल अभी भी इलाके में डटे हुए हैं और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.